बदायूॅं जनमत। सोमवार शाम आई तेज आंधी-बारिश से जिलेभर में हाहाकार मच गया। दर्जनों पेड़ टूटकर गिर पड़े, जिस कारण सैकड़ों गांवों और कस्बों की बिजली गुल हो गई। सबसे दुखद बात यह रही कि भाई-बहन समेत तीन लोगों की दबकर दर्दनाक मौत हो गई। शहर के मोहल्ला गद्दी चौक में आंधी के कारण विशाल पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया, जिससे उसमें सवार 23 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा हजरतपुर थाना क्षेत्र में खेत पर बनी झोपड़ी में भाई-बहन बैठे थे। आंधी के दौरान ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर झोपड़ी पर गिर गया। जिसमें दबकर दोनों बच्चों की मौत हो गई।
सोमवार शाम करीब पांच बजे अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान जालंधरी सराय निवासी सबा अलीम पुत्री अहमद अली खान ई-रिक्शा से गद्दी चौक से गुजर रही थीं। आंधी के चलते सड़क किनारे खड़ा पुराना पेड़ अचानक भर-भराकर ई-रिक्शा पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और पेड़ के नीचे दबी महिला को निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से पेड़ हटवाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हजरतपुर में भाई-बहन की दबकर मौत…
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी संतोष राठौर के खेत पर ट्यूबवेल लगा है। ट्यूबवेल के पास ही एक झोपड़ी बनी थी। सोमवार शाम के समय संतोष के दो बच्चे 11 वर्षीय विशेष और 5 वर्षीय अनामिका भी खेत पर गए थे। आंधी आने के बाद दोनों बच्चे झोपड़ी में जाकर बैठ गये। इसी दौरान झोपड़ी के पास खंभों पर रखा ट्रांसफार्मर दोनों खंभों समेत झोपड़ी के ऊपर गिर गया। दोनों भाई-बहन ट्रांसफार्मर के नीचे दब गये। जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
ट्रांसफार्मर गिरने की आवाज आने पर संतोष झोपड़ी की ओर भागा। उसने बच्चों को दबा देख शोर मचाया, शोर की आवाज सुनकर आसपास के किसान भी मौके पर पहुंच गये। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को निकाला जा सका। उधर हादसे के बाद पूरे गांव में हाहाकार मचा हुआ है।



