बदायूॅं जनमत। एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर नाले के पार जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक अन्य युवक की हालत गंभीर है। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। तीनों युवक सीखने के लिए रिश्तेदार की कार लेकर गए थे। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
बिसौली नगर के मोहल्ला सराय निवासी फरमान (19 वर्ष) पुत्र फहीम के घर पर रविवार रात को रिश्तेदार अपनी कार से आए थे। परिजन उनकी मेहमान-नवाजी में लग गए। इसी दौरान फरमान कार की चाबी लेकर बाहर निकल गया। उसने अपने मोहल्ले के ही साथी सलमान (20 वर्ष) पुत्र यासीन और हसीन (18 वर्ष) पुत्र महबूब को भी बुला लिया। युवक कार चलाना नहीं जानते थे। परिजनों ने बताया कि फरमान ने एक दो बार ही कार चलाई थी। कार लेकर तीनों मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर निकल गए। चंदौसी रोड स्थित हरि फार्म के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर करीब पांच फीट नाले के पार जा गिरी। तीनों युवक कार में फंस गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को कार से निकाला और परिवार के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में फरमान व सलमान को मुरादाबाद ले जाया गया, जबकि हसीन को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मुरादाबाद के अस्पताल में फरमान और सलमान को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हसीन का राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। दोनों की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया है।


