बदायूं में मंदिर में तोड़फोड़; लोगों में भारी आक्रोश, CCTV खंगाल रही पुलिस

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बिल्सी नगर स्थित शिव शक्ति कॉलोनी में बने ब्रह्मदेव बाबा मंदिर में देर रात तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। सुबह जब स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली तो क्षेत्र में तनाव फैल गया और भारी संख्या में लोग मंदिर पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अराजक तत्वों ने देर रात मंदिर परिसर में घुसकर धार्मिक सामग्रियों सहित कई वस्तुओं को नुकसान पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता शैलेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने इसे सोची-समझी शरारत बताते हुए कहा कि इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। मौके पर मौजूद कई लोगों ने आरोप लगाया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस की सक्रियता कम रही और सिर्फ खानापूर्ति की गई। वहीं दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। उधर, घटना के बाद पूरे बिल्सी नगर में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *