यूपी जनमत। मेरठ में एक दूल्हे के साथ गजब खेल हो गया। यहां दूल्हे को दिखाई गई 20 साल की बेटी लेकिन शादी करा दी गई 45 साल की उसकी विधवा मां से। उम्र में 25 साल बड़ी दुल्हनिया देखकर दूल्हा हैरान रह गया। उसने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूल्हे ने इस शादी के लिए अपनी सगी भाभी और भाई पर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि दोनों ने मिलकर उसके साथ धोखा किया। मामला खुलने के बाद उसने (दूल्हे) ने विरोध किया तो दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। युवक ने मेरठ के एसएसपी से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई है। मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के तारापुरी के रहने वाले अजीम नाम के इस युवक ने मेरठ एसएसपी को दिए अपने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है। वह अपने बड़े भाई नदीम और भाभी शायदा के साथ पैतृक मकान में रहता है। अजीम ने आरोप लगाया कि ईद के दिन यानी 31 मार्च 2025 को उसकी भाभी शायदा ने उसकी शादी अपनी बड़ी विधवा बहन की बेटी मंतशा से कराने के नाम पर उसे फाजलपुर बुलाया। वहां अजीम को जो लड़की दिखाई गई उसकी उम्र करीब 20 साल रही होगी। उसे देखकर अजीम ने शादी के लिए हां कर दी। उसी शाम को निकाह किया जाना तय हो गया। अजीम के मुताबिक जब उसका निकाह पढ़वाया जा रहा था तभी उसे पता चल गया कि उसकी शादी मंतशा से नहीं बल्कि उसकी मां ताहिरा (जो उम्र में उससे करीब 25 साल बड़ी है) से करवाई जा रही है।
इस पर अजीम ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर अजीम के साथ मारपीट की गई। इसके साथ ही अजीम के भाई, भाभी और अन्य लोगों ने उसे धमकी दी कि किसी से शिकायत की तो उसे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा। अजीम का कहना है कि जबसे उसका निकाह हुआ है तब से वह मानसिक तौर पर बुरी तरह परेशान है। उसने पुलिस से इंसाफ की मांग की है। साथ ही कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। 


