बदायूॅं जनमत। सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के बरेली-मथुरा हाईवे पर बालाजी मंदिर के पास रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बस को कब्जे में ले लिया। मामले की जांच शुरू कर दी।
कादरचौक थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी हारून (27) पुत्र याकूब और बिल्सी कोतवाली के उल्लेया बेहटा गांव निवासी नन्हे बाबू (17) पुत्र होशियार बेग के रूप में हुई है। हारून और नन्हे बाबू फुफेरे चाचा-भतीजे थे। वे हारून की 28 सितंबर को हुई शादी की वीडियो कैसेट लेने के लिए उल्लेया गांव जा रहे थे। जब उनकी बाइक मथुरा-बरेली हाईवे पर बालाजी मंदिर के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। नन्हे बाबू अपने मृतक भाई के यहां नूरपुर गांव में रुका हुआ था। इस दुखद घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है। हारून की हाल ही में हुई शादी की खुशियां शोक में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवारों की मौत हुई है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

