मंगेतर से फोन पर हुआ झगड़ा; युवती ने फंदा लगाकर दी जान, दीवाली के बाद होनी थी गोदभराई

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मंगेतर से फोन पर विवाद के बाद युवती ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दिवाली के पांच दिन बाद उसकी गोद भराई की रस्म होनी थी। युवती हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव कुंडरा मझरा की रहने वाली थी। आरोप है कि लड़का पक्ष दहेज में बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग कर रहा था।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव कुंडरा मझरा निवासी राजकुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी नेहा (18 वर्ष) की शादी मूसाझाग थाना क्षेत्र के उतरना गांव के वेद प्रकाश से तय की थी। उन्होंने शादी में बाइक देने की बात कही थी। दिवाली के पांच दिन बाद गोद भराई की रस्म होनी थी। आरोप है कि लड़का पक्ष ने दहेज में अपाचे बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग रख दी। इस पर राजकुमार और उनके भाई शेरपाल सिंह ने सहमति दे दी थी। शादी तय होने के बाद नेहा और वेद प्रकाश के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। रविवार को दोनों के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद नेहा ने अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मां ने बेटी को फंदे से लटका देखा तो चीख पड़ी।
मृतका के चाचा शेरपाल ने बताया कि शादी में बाइक देने की बात तय हुई थी। लड़का अपाचे बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग कर रहा था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। नेहा अपने दो भाइयों में सबसे बड़ी थी।
सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया कि युवती की मौत फंदे पर लटकने से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस को तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *