बदायूं में बड़ा हादसा; हाईवे पर रेस लगा रहे ट्रैक्टरों ने ई-रिक्शा को रौंदा, 6 महिलाओं की मौत, 3 घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बुधवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। दो ट्रैक्टर चालकों की लापरवाही से छह महिलाओं की मौत हो गई। तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों का कब्जे में लिया है। चालकों की तलाश शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही डीएम और एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक कछला और उझानी के बीच भूलपुर क्षेत्र में बुधवार दोपहर हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक रेस लगा रहे थे। तेज रफ्तार ट्रैक्टरों ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार महिलाएं व अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा, जहां छह महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे में रिक्शा चालक सनी (32 वर्ष), डाल सिंह (58 वर्ष) समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद उनके चालक मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों चालकों की तलाश शुरू कर दी है।

भात मांगने जा रही थीं महिलाएं…

कछला के मोहल्ला मुरावन नगला निवासी डाल सिंह के बेटे कुंवर पाल की शादी 29 जून को होनी है। परिवार की महिलाएं शादी की रस्म ‘भात’ मांगने के लिए पड़ोसी गठोना गांव जा रहे थे। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में कोहराम मच गया।

मृतकों के नाम…

1. राजकुमारी (55 वर्ष) पत्नी डालसिंह निवासी मोहल्ला मुरावन नगला, कछला

2. गंगा श्री (32 वर्ष) पत्नी वीरपाल निवासी मोहल्ला मुरावन नगला, कछला

3. रेवती (80 वर्ष) पत्नी रामचंद्र निवासी मोहल्ला मुरावन नगला, कछला

4. प्रेम देवी (45 वर्ष) पत्नी रामचंद्र सिंह निवासी मोहल्ला मुरावन नगला, कछला

5. नारायणी देवी (32 वर्ष) पत्नी जितेंद्र निवासी गुलाबगड़ी

6. एक अन्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *