बदायूॅं जनमत। रविवार शाम एक कास्मेटिक के थोक व्यापारी की दुकान में भीषण आग लग गई। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर फाइटर्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल हालात पर काबू पाया लेकिन तब तक वहां रखा लाखों का सामान जल चुका था।
हादसा शहर के चूना मंडी से खंडसारी मोहल्ला जाने वाली संकरी गलियों में स्थित बाबू खां की दुकान के ऊपरी हिस्से में हुआ। बाबू खां कास्मेटिक के सामान के थोक व्यापारी हैं। अचानक दुकान के ऊपरी हिस्से में आग लग गई। धुआं उठता देख लोग पहुंचे लेकिन कुछ देर में ही लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने अपनी छतों से सबमर्सिबल और टंकी के पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी बीच फायर ब्रिगेड को मामले की जानकारी दी गई तो फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर समेत फायर बाइक्स रवाना हो गईं। फायर फाइटर्स की टीम ने प्रेशर पाइप से बौछार की तो तकरीबन घंटे भर में हालात पर काबू पाया जा सका। हादसे की वजह का पता नहीं लग सका है। फिलहाल भुक्तभोगी भी आग से हुई क्षति का आंकलन करने में जुटा है। हालांकि अटकलें यही लगाई जा रही हैं कि शार्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ है। 


