बदायूॅं जनमत। एक गांव में एक महिला के साथ ग्राम प्रधान द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला ने ग्राम प्रधान से आवास की मांग की थी।
बिल्सी थाना क्षेत्र की निवासी एक महिला का आरोप है कि वह कूड़ा डालने के लिए सार्वजनिक शौचालय के पास गई थी। वहां उसकी गांव के प्रधान चन्द्रपाल से मुलाकात हुई। महिला ने प्रधान से आवास दिलाने की बात कही। उसने बताया कि बेटे की शादी के बाद से वह और उसके पति झोपड़ी में रह रहे हैं। प्रधान ने महिला को अपने घर पर बने ऑफिस में बुलाया। वहां प्रधान ने महिला का हाथ पकड़कर उसे जबरन सोफे पर बिठाया और छेड़छाड़ करने लगा। आरोप है कि प्रधान ने कहा अगर आवास चाहिए तो उसे शारीरिक संबंध बनाने होंगे। महिला विरोध करते हुए वहां से निकल गई।
महिला ने घर जाकर अपने पति को पूरी बात बताई। इसके बाद पीड़िता का पति अपने बेटे और पत्नी के साथ शिकायत करने प्रधान के घर गया। वहां प्रधान के परिवार के सदस्य सुनील, रमेश, राजकुमारी और रामनिवास ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़ित के बेटे को शरीर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर ग्राम प्रधान चंद्रपाल समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

