बदायूॅं जनमत। सड़क हादसे में 19 वर्षीय डीजे संचालक की मौत हो गई। रविवार रात वह पेमेंट लेने जा रहा था इसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के परवेज नगर गांव निवासी शिवा समारोहों में डीजे लगाने का काम करता था। वह पिछले दिनों आसफपुर के कुछ युवकों को कांवड़ यात्रा के लिए अपना डीजे किराए पर दिया था। रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे शिवा अपनी बाइक से डीजे का किराया वसूलने निकला था। गहोरा गांव के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले गई। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर सुनकर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश जारी है।
