नई दिल्ली जनमत। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज जन सुनवाई के दौरान हमला किया गया। सीएम गुप्ता अपने आवास में जनता से मिल रही थीं तभी एक शख्स ने उनपर हमला कर दिया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि एक शख्स कुछ बोल रहा था तभी उसने सीएम को थप्पड़ मार दिया।
जानकारी के अनुसार, हमलावर ने अपना नाम राजेश खिमजी सकारिया गुजरात का निवासी बताया है। पुलिस लाइन्स थाने में ले जाकर आरोपी शख्स से पूछताछ हो रही है। बताया जा रहा है कि इस हमले में सीएम रेखा गुप्ता को चोट भी आई है और उनका सिर किसी वस्तु से टकराया है। इस बीच, दिल्ली पुलिस के अधिकारी सीएम रेखा गुप्ता के आवास पर जांच के लिए पहुंच गई है। पुलिस अधिकारियों ने अभी घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। माना जा रहा है कि कुछ देर पुलिस कोई अपडेट देगी।
जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला के चश्मदीद शैलेंद्र कुमार ने कहा, ‘मैं उत्तम नगर से सीवर की शिकायत लेकर आया था। जब मैं गेट पर पहुंचा तो अफरा-तफरी मच गई क्योंकि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया। यह गलत है…’
मौके पर मौजूद अंजलि ने कहा, ‘यह बहुत गलत हुआ है। जनसुनवाई पर सबका हक है। अगर कोई बहरूपिया उन्हें थप्पड़ मार सकता है, तो यह बहुत बड़ी बात है… मैं वहीं थी…वह व्यक्ति बोल रहा था और उसने अचानक थप्पड़ मार दिया। पुलिस उसे ले गई है…’

