बदायूॅं जनमत। एक झोलाछाप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बिनावर थाना क्षेत्र के मुराव गौटिया गांव निवासी 28 वर्षीय इमरान के रूप में हुई है। वह कुंवरगांव थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में दवाओं की दुकान चलाता था।
परिजनों के अनुसार दो महीने पहले कुंवरगांव के पड़ौलिया गांव के कुछ लोगों ने इमरान पर चाकू से हमला किया था। इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पड़ौलिया गांव का पूर्व प्रधान मुख्तयार और उसके समर्थक मामले में फैसले का दबाव बना रहे थे। बुधवार को इमरान इसी विवाद के समाधान के लिए पड़ौलिया गांव गया था। परिजनों का आरोप है कि वहां विरोधी पक्ष ने उसे जहर मिली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार वाले उसे पहले निजी डॉक्टर के पास ले गए। राहत न मिलने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
कुंवरगांव थाना प्रभारी वेदपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

