बदायूॅं जनमत। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने 58 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। मंडी समिति पुलिस चौकी के पास हुए इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान अनुराधा के रूप में हुई। वह हजरतपुर थाना क्षेत्र के खरकन नगला गांव की रहने वाली थीं और वर्तमान में सिविल लाइंस कोतवाली के आवास विकास में किराए के कमरे में रह रही थीं। घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब वह कचहरी में एक मकान संबंधी मामले की पेशी के लिए जा रही थीं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और परिजनों को सूचित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि अनुराधा 2008 से अपने पति शिक्षक सुरेंद्र पाल सिंह से अलग रह रही थीं। उनका एक मकान था जिस पर किसी व्यक्ति ने कब्जा कर लिया था। इसी मामले की सुनवाई के लिए वह कचहरी जा रही थीं। सुरेंद्र पाल सिंह अपनी चार बेटियों और एक बेटे के साथ आदर्श नगर में रहते हैं। वह अनुराधा को गुजारा भत्ता देते थे।सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।

