बदायूं जिला कारागार में गाजियाबाद के बंदी की मौत; सोमवार को होनी थी जमानत, दहेज उत्पीड़न में था बंद

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिला कारागार में गाजियाबाद निवासी एक बंदी की शनिवार रात मौत हो गई। वह कई दिनों से बीमार चल रहा था। सोमवार को उसकी जमानत होनी थी। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन बदायूं पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नसरुल्लागंज निवासी रफीक ने अपनी बेटी सिम्मो की शादी 14 मार्च 2021 को गाजियाबाद जिले के थाना लोनी क्षेत्र के हाजी कॉलोनी गोरी पट्टी निवासी 32 वर्षीय नदीम पुत्र नसीम के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई। पारिवारिक विवाद बढ़ने पर सिम्मो मायके चली आई और उसने अपने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। परिजनों का कहना है कि नदीम पहले से ही बीमार चल रहा था। जेल में उसकी हालत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में कुछ सुधार होने पर शाम को उसे वापस जेल ले आया गया, लेकिन देर रात उसने जिला कारागार में दम तोड़ दिया।
उधर सूचना मिलते ही उसके परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गए। नदीम के परिजनों का कहना है कि सोमवार को उसकी जमानत होनी थी, लेकिन उससे पहले ही मौत हो गई। हालांकि उन्होंने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *