यूपी में खौफनाक वारदात; 7 साल के लड़के का शव बोरे में भरकर गेट पर टांगा, पांच थानों की पुलिस-पीएसी मौके पर

अपराध

यूपी जनमत‌। एक दिन पूर्व लापता एक सात वर्षीय बालक का शव बगल के घर के गेट के पास तार पर बोरे में लटकता मिला। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई और लोग जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस फोर्स और पीएसी भी पहुंच गई। परिजनों को समझा कर मामले को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के पठान टोला निवासी मुकर्रम अली का सात वर्षीय पुत्र शाजेब अली बुधवार की शाम घर से निकला और लापता हो गया। परिजनों ने इसकी सूचना रात करीब सात बजे सिधारी थाने पर सूचना दी। पुलिस बालक की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार को दिन में करीब 11 बजे शाजेब अली का शव उसके घर के बगल में लगे गेट के ऊपर तार में बोरे में लटकता मिला। बताया जा रहा है कि परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे और पुलिस भी खोजबीन कर रही थी। इसी बीच चौराहे के पास भीड़-भाड़ वाले इलाके में शव बरामद हुआ तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। दुकानों के खुलने के समय अधिक भीड़ होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक वर्ग की ओर से सड़क को पूरी तरीके से जाम कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी चिराग जैन मौके पर पहुंच गए। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए पांच थानों की पुलिस व पीएसी मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करने के लिए फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड टीम व सर्विसलांस टीम मौके पर पहुंची।
वहीं, परिजनों को कार्रवाई करने का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया। उधर, परिजन जिस परिवार पर आरोप लगा रहे थे उन्हें पुलिस सुरक्षा में सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इस घटना को लेकर एक वर्ग के लोगों ने बाजार की दुकानों को बंद रखा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार कर ली जाएगी।
-डॉ. अनिल कुमार, एसपी आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *