बदायूॅं जनमत। पुलिस और एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने संयुक्त अभियान में 3 अंतरराज्यीय अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो झारखंड के और एक बदायूं का निवासी है। आरोपियों के पास से लगभग 30 लाख रुपए मूल्य की तीन किलो अफीम बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स को बरेली-बदायूं रोड पर तस्करों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। बिनावर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन तस्करों को बाइक पर सवार पकड़ा। इनमें एक महिला भी शामिल थी। तलाशी के दौरान उनके पास से अफीम मिली, जिसके बाद उन्हें थाने लाया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान पनेश कुमार (झारखंड), खैमिनी देवी (झारखंड) और विवेक शर्मा (बिनावर) के रूप में हुई। पनेश कुमार ने बताया कि वह सिरसवा गांव के शिवकुमार के लिए अफीम तस्करी करता है।
दस हजार में महिला को लिया साथ…
पनेश ने खुलासा किया कि शिवकुमार झारखंड से लाई गई अफीम पंजाब में सप्लाई करता है और पहले भी एनडीपीएस मामलों में जेल जा चुका है। पनेश यह अफीम झारखंड के गवेंद्र मुंडा से खरीदकर शिवकुमार को देता था। उसने खैमिनी देवी को 10,000 रुपए देकर अपने साथ लिया था। ताकि किसी को शक न हो। वह महीने में लगभग दो बार मोबाइल नंबर बदलकर बदायूं आता था।
पनेश झारखंड से अफीम सस्ते दाम पर खरीदकर शिवकुमार को मुनाफे पर बेचता था। शिवकुमार ने अपने बेटे विवेक को अफीम लेने के लिए भेजा था। तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तस्करों के कब्जे से 3.60 लाख रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए गहन जांच की जा रही है।

