बदायूं अपराध; घर में मिला युवती का शव, फटे हुए थे कपड़े, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। दातागंज क्षेत्र में घर में अकेली रह रही 18 वर्षीय युवती का शव रविवार सुबह चारपाई पर मिला। उसके गले पर रस्सी के निशान हैं। कपड़े फटे होने से उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई है। युवती के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। भाई नहीं है। वह चचेरे भाई व चाचा के साथ ही रहती थी। पुलिस हर पहलू पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या की असल वजह सामने आ सकेगी।
युवती के चचेरे भाई ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। बताया है कि उसके ताऊ व ताई की मौत के बाद युवती उनके ही साथ रहती थी। सिर्फ रात में वह सोने के लिए अपने घर में चली जाती थी। हर रोज की तरह वह शनिवार शाम को खाना खाने के बाद अपने घर में सोने चली गई। रविवार की सुबह परिवार के लोग खेत पर चले गए। करीब दस बजे मोहल्ले के लोगों ने उसका शव चारपाई पर पड़ा देखा तो परिजनों समेत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। सीओ दातागंज केके तिवारी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम को भेजा है।

पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार…

सीओ दातागंज केके तिवारी का कहना है कि संदिग्ध हालत में युवती का शव घर में चारपाई पर मिला है। हत्या के पीछे की क्या वजह है, इसकी पुलिस हर बिंदू पर बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *