बदायूॅं जनमत। एक विवाहिता की मौत के मामले में उसके पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मृतका के भाई की तहरीर पर की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दातागंज क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी संजीव कुमार चौहान ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी बहन रिंकी (24) की शादी करीब पांच साल पहले अलापुर थाना क्षेत्र के गांव पतसा निवासी दीपक चौहान से की थी। आरोप है कि शादी में दिए गए दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। वे आए दिन रिंकी के साथ मारपीट और झगड़ा करते थे, और उसे मायके से और पैसे लाने के लिए दबाव डालते थे। रिंकी इसका विरोध करती थी। दंपति का एक चार साल का बेटा भी है।
तहरीर में आरोप है कि 29 सितंबर को पति दीपक चौहान, सास राजवती उर्फ रज्जो, देवर गौरव चौहान उर्फ नन्नू और ननद रेनू ने रिंकी को बुरी तरह पीटा। जब उसने विरोध किया, तो सभी ने मिलकर उसका गला दबा दिया, जिससे वह अधमरी हो गई। रिंकी की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर जब संजीव अपने परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें रिंकी का शव मोर्चरी में मिला।
संजीव ने आशंका जताई है कि आरोपी उनके तीन वर्षीय भांजे अयांश के साथ कोई अनहोनी कर सकते हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।

