बदायूॅं जनमत। मंगलवार रात आवारा गोवंश से बाइक टकराने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों बहन के घर सदुल्लागंज (समरेर) जाने की कहकर निकले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फैजगंज थाना क्षेत्र के गांव मितरोली निवासी विवेक सिंह (20) पुत्र धीरेंद्र सिंह अपने साथी अमन (20) के साथ बाइक से अपनी बहन के घर जाने को रात करीब 10 बजे निकले थे। बहन के घर देवी जागरण था। परिजनों ने बताया कि उनके ममेरे भाई सक्षम पुत्र संजीव सिंह निवासी बरीपुरा थाना वजीरगंज और दूसरे साथी मयंक दूसरी बाइक पर थे। ये सभी लोग मुड़िया धुरेकी के पास पहुंचे थे, तभी हाईवे पर अचानक गोवंशों का झुंड आ गया।
विवेक की बाइक गोवंशों से टकरा गई, जिसमे विवेक व अमन दोनों गंभीर घायल हो गए। ममेरे भाई सक्षम ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने विवेक और अमन को मृत घोषित कर दिया।
माता-पिता का इकलौता था विवेक…
विवेक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। मुरादाबाद में रहकर फल का कारोबार करता था। पिता होटल पर काम करते हैं। घटना की खबर मिलते ही पूरे परिवार में मातम छा गया। मां आशा का रो-रोकर बुरा हाल था। उधर, अमन के परिवार में भी कोहराम मचा है।

