बदायूॅं जनमत। कपड़ों पर प्रेस करते समय करंट लगने से 18 वर्षीय युवक अरमान की मौत हो गई। यह घटना रविवार को हुई, जब अरमान उझानी में एक शादी समारोह में जाने की तैयारी कर रहा था।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली निवासी अरमान पुत्र बंटू अपने घर में कपड़ों पर प्रेस कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। घर में मौजूद उसकी भाभी ने उसे धक्का देकर करंट से अलग किया। घटना के बाद परिवार के सदस्य तुरंत अरमान को नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए। वहां से उसे बदायूं मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अरमान अपने दादा अलीजान के साथ रिसौली गांव में रहता था। उसके पिता और भाई सहारनपुर में रहकर मजदूरी करते हैं। अरमान की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने आज सोमवार को गांव में अरमान का अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।

