बदायूॅं जनमत। रविवार शाम एक तेज रफ्तार ईको कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन वर्षीय मासूम ललित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता हरि सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बदायूं-मेरठ हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के पास हुई।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव परसौना निवासी हरि सिंह अपने तीन वर्षीय बेटे ललित को वायरल बुखार की दवा दिलाने सहसवान नगर आए थे। दवा लेने के बाद वे रविवार शाम करीब 4:30 बजे ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा सहसवान कोतवाली क्षेत्र के बदायूं-मेरठ हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ईको कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया।हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक बीरेश मौके से फरार हो गया। वहीं, मौके पर जुटी भीड़ ने टक्कर मारने वाली ईको कार को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल हरि सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
सहसवान कोतवाल राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मासूम की मौत हुई है। पुलिस ने मासूम के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

