ठेकेदार ने ट्रैक्टर के बदले दी पुरानी गाड़ी; पैसे न देने पर युवक ने फंदा लगाकर दी जान, पेड़ पर लटका मिला शव

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। शनिवार देर रात एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। युवक की पहचान भूरे (40 वर्ष) पुत्र कल्यान के रूप में हुई है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने ठेकेदार पर रुपये न देने का आरोप लगाया है। बताया है कि इसी के चलते युवक अवसाद में आ गया और उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के समसपुर मलिक फत्ता गांव निवासी भूरे के परिजनों ने बताया, कि भूरे नोएडा में एक ठेकेदार के यहां ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। वह दो दिन पहले ही घर लौटा था। शनिवार रात उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रविवार की सुबह परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

ठेकेदार ने ट्रैक्टर के बदले दी पुरानी गाड़ी…

परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि नोएडा निवासी एक ठेकेदार कई महीनों की मजदूरी नहीं दे रहा था। इससे भूरे परेशान था। वह अवसाद ग्रस्त हो गया और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। ठेकेदार ने कुछ महीने पहले भूरे का ट्रैक्टर मिट्टी के काम के लिए 40 हजार रुपये प्रति माह पर लिया था। आरोप है कि बाद में ठेकेदार ने भूरे को अपनी पुरानी गाड़ी दे दी और टैक्सी के तौर पर चलाने से अच्छी कमाई करने का लालच दिया। ठेकेदार ने भूरे के खाते में बाकी पैसे डालने का वादा किया था।
भूरे 23 अक्तूबर को यह गाड़ी लेकर घर आया और उसने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार के लोगों ने ठेकेदार को फोन कर बकाया रकम खाते में डालने को कहा। ठेकेदार ने फोन पर भूरे के परिवार के साथ अभद्रता की। इससे भूरे आहत था। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *