बदायूं में रोटावेटर से कटकर दलित छात्र की दर्दनाक मौत; खेत मालिक सहित दो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शुक्रवार सुबह गेंहू की बुवाई करते समय एक दलित छात्र की रोटावेटर से कटकर मौत हो गई। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए खेत मालिक सहित दो लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
उसहैत थाना क्षेत्र की नौली चौकी क्षेत्र के गांव चेतराम नगला निवासी 18 वर्षीय ज्ञान सिंह इंटर का छात्र था। परिजनों के अनुसार, ज्ञान सिंह को आरोपी भगवान सिंह और शिवम सुबह पांच बजे गेहूं की बुवाई के बाद खेत की जुताई के लिए ट्रैक्टर और रोटावेटर के साथ ले गए थे। कुछ समय बाद परिजनों को पुलिस द्वारा सूचना मिली कि ज्ञान सिंह की रोटावेटर से कटकर मौत हो गई है। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने खेत मालिक भगवान सिंह और शिवम पर रोटावेटर से दबाकर ज्ञान सिंह की हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता ने बताया कि एक साल पहले यह खेत उनका था, जो पैमाइश में उनसे चला गया था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे की षड्यंत्र रचकर हत्या की गई है।
ज्ञान सिंह अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा था। वह अपने ट्रैक्टर से अपनी पैतृक जमीन के साथ-साथ अन्य लोगों की जमीन पर भी किराए पर जुताई का काम करता था।

आरोपी ने दी पुलिस को सूचना और थाने पहुंचा…

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना स्वयं आरोपी ने ही पुलिस को दी थी और वे खुद थाने पहुंचे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *