बदायूं में सड़क हादसे में जीजा-साले की मौत; ट्रैक्टर से बाइक टकराने पर हुआ दर्दनाक हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सालिक नगला के पास एक बाइक लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। इस दुर्घटना में बाइक सवार साले-बहनोई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव गिधौल निवासी 23 वर्षीय अंकित पुत्र राजेंद्र और बुलंदशहर जिले के नरौरा नई बस्ती निवासी 20 वर्षीय भूदेव पुत्र धर्मपाल के रूप में हुई है। अंकित और भूदेव रिश्ते में साले-बहनोई थे। वे अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे। घर लौटते समय, दोनों पहले सहसवान के जहांगीराबाद मोहल्ले में अपनी बुआ रामवती पत्नी रामस्वरूप के घर रुके। वहां खाना खाने के बाद, वे शाम करीब पांच बजे अपने गांव के लिए निकले। सालिक नगला गांव के पास पहुंचते ही, उनकी बाइक आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित और भूदेव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि बाइक सवार पीछे से ट्रॉली में टकराए थे, जिससे दोनों की मौत हुई। उन्होंने पुष्टि की कि मृतक साले-बहनोई थे। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *