बदायूं मेंथा फैक्ट्री के मृतकों के परिजनों से मिले सांसद आदित्य, SIT जांच और मुआवजे की मांग

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उझानी क्षेत्र स्थित कुढानरसिंहपुर गांव की मेंथा फैक्ट्री में तीन सुरक्षा गार्डों की मौत के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवारों को ढांढस बंधाया।
सांसद ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना को काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक सच्चाई सामने नहीं आ सकी है और न ही दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई है। ऐसे में पूरे प्रकरण की एसआईटी जांच जरूरी है, ताकि जिम्मेदारों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
आदित्य यादव ने सबसे पहले बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के वसावनपुर गांव पहुंचकर मृतक जुगेन्द्र यादव के परिजनों से मुलाकात की और उनकी पीड़ा सुनी। इसके बाद उन्होंने शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के पसेई गांव में मृतक विवेक यादव के परिजनों से भेंट कर शोक व्यक्त किया। अंत में, दातागंज विधानसभा क्षेत्र के मुडसेना गांव पहुंचकर मृतक वीरभान सिंह यादव के परिजनों से मुलाकात की। सांसद ने आरोप लगाया कि यह कांड फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही से हुआ है, जिसमें निर्दोष लोगों की जान चली गई। उन्होंने प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। यादव ने कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद भी पीड़ित परिवारों को न तो समय पर न्याय मिला और न ही कोई प्रभावी आर्थिक सहायता दी गई। उन्होंने मांग की कि हादसे में जान गंवाने वाले सुरक्षा गार्डों के परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय और मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *