बदायूॅं जनमत। गुरुवार शाम गैर जनपद से आए चादर और कव्वाली बजाकर मांगने वाले लोगों को लेकर बवाल हो गया। मांगते समय वह अनजाने में हिन्दू मोहल्ले की ओर चले गए। इसी को लेकर कुछ खुराफातियों ने पुलिस बुला ली, और इसे मुस्लिम परम्परा बताकर बवाल करने लगे। पुलिस ने आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ शुरू की है। इस घटना के चलते तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मामला कस्बा फैजगंज बेहटा का है। पैसे मांगने के इस तरीके को मुस्लिम धर्म की परम्परा बताते हुए हिंदू समुदाय के लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष समेत करीब 15 लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि नगर पंचायत अध्यक्ष के इशारे पर कस्बे का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मांगने वाले लोग रामपुर जिले के निवासी हैं। वह कस्बे में चादर निकालकर लोगों से पैसे मांग रहे थे। अनजाने में हिन्दू मोहल्ले की ओर चले गए। इसी को लेकर कुछ खुराफाती लोग इसे मुस्लिम समुदाय से जोड़कर देखने और इसका विरोध करने लगे। मौके पर पुलिस भी आ गई। पुलिस मांगने वालों को थाने ले गई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जुलूस निकाल रहे लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

