बदायूॅं जनमत। राजकीय महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा “कौशल विकास हेतु युवा” थीम को केंद्र में रखते हुए प्रथम एक दिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ वंदना ने स्वयं सेविकाओं को आशीर्वचन प्रदान कर किया तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने को प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ ऋषभ भारद्वाज ने शिविर की प्रस्तावना एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन, स्वप्रेरणा तथा कौशल विकास के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने स्वयं सेविकाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग रहते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। शिविर के दौरान स्वयं सेविकाओं अंशिका, पल्लवी एवं सना द्वारा लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने वातावरण को उत्साह एवं ऊर्जा से भर दिया। तत्पश्चात स्वच्छता अभियान संचालित किया गया, जिसमें छात्राओं ने पूर्ण मनोयोग एवं समर्पण के साथ सहभागिता करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर के निर्माण का संदेश दिया।
शिविर के उत्तरार्द्ध में विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकतापरक गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन सत्र में डॉ बृजेश कुमार ने सभी उपस्थित छात्राओं को तंबाकू मुक्त परिसर की शपथ दिलाते हुए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राओं का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

