बदायूॅं जनमत। साले के तिलक समारोह में पत्नी ने साथ में डांस करने से मना किया तो पति ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। सोमवार सुबह फांसी पर लटका शव देखकर परिवार में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार, जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सैंडोला में साले का तिलक समारोह था। उघैती क्षेत्र के बरबारा गांव निवासी अनिल (30 वर्ष) पुत्र वीरम सिंह परिवार के साथ समारोह में शामिल होने पहुंचे। शाम से ही घर में खुशी का माहौल था। तिलक समारोह के दौरान एक तरफ खाना चल रहा था तो दूसरी तरफ डीजे पर लोग डांस कर रहे थे। तभी उत्साह में अनिल ने अपनी पत्नी प्रियंका को साथ में डांस करने के लिए डीजे पास खींचा। इस पर पत्नी ने डांस करने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया।
साले ने बताया कि झगड़े के दौरान जीजा अनिल ने बहन को पीट दिया। इसका सभी ने विरोध किया तो वह नाराज होकर वहां से चले गए। समारोह की भीड़ में किसी ने ध्यान नहीं दिया कि अनिल कहां गए। सुबह गांव के बाहर जंगल की ओर कुछ ग्रामीण जा रहे थे, उन्होंने देखा कि एक पेड़ पर किसी युवक का शव फांसी पर लटका हुआ है। सूचना पर बाकी ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतक की पहचान अनिल पुत्र वीरम सिंह के रूप में हुई। वहीं सूचना पर पहुंची फैजगंज बेहटा थाना पुलिस ने शव को उतरवाकर पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस फिलहाल आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

