बदायूं में ट्रक पर लटका मिला चालक का शव; प्रतापगढ़ से पंजाब बुकिंग लेकर जा रहा था उन्नाव का मनोज

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सिसरका के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। शव ट्रक के केबिन पर मफलर के सहारे फंदे से झूलता पाया गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान उन्नाव जिले के आशीवन थाना क्षेत्र के रसूलाबाद निवासी मनोज पुत्र नंदू के रूप में हुई है। वह संबंधित ट्रक का चालक था। ट्रक मोहम्मद सादिकपुर चकतापुर निवासी संदीप कुमार सिंह पुत्र योगेंद्र सिंह का बताया गया है। ट्रक मालिक संदीप कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि मनोज प्रतापगढ़ से पंजाब के लिए गाड़ी की बुकिंग लेकर निकला था। उन्होंने मृतक की पहचान की पुष्टि करते हुए परिजनों को सूचना दे दी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सिसरका के समीप ट्रक खड़ा कर चालक ने मफलर से फांसी लगा ली। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोग इसे आत्महत्या बता रहे थे, जबकि कुछ ने अन्य आशंका भी जताई।
सूचना पर फैजगंज बेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *