बिहार विधानसभा चुनाव; NDA को जनादेश, भाजपा मुख्यालय से बोले पीएम मोदी- बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया

राजनीति

बिहार जनमत। बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए बंपर जीत की तरफ बढ़ रहा है। राजद के नेतृत्व में महागठबंधन का बुरा हाल है। साफ है कि बिहार की जनता ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर विश्वास जताया है। जानिए राजद, कांग्रेस और लोजपा रामविलास के खाते में कितनी सीटें आई हैं?

मैंने कहा था 80 से ज्यादा सीट मिलेगी- केसी त्यागी

जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा, मैंने कहा था कि जदयू 80 से ज्यादा सीट जीतेगी। पिछली बार आपसी तालमेल के अभाव में हम नहीं कर पाए थे। मुझे प्रसन्नता है कि जदयू ने दोबारा नीतीश कुमार के नेतृत्व में अपनी उसी संख्या को प्राप्त किया है… हमारे बीच एक लंबा और पुराना ऐतिहासिक रिश्ता है। सुशासन का मतलब है नीतीश कुमार और नीतीश कुमार का मतलब है बिहार की एनडीए सरकार।

माओवाद प्रभावित इलाकों में तीन बजे तक होता था मतदान- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, यह वही बिहार है जहां कभी माओवादी आतंक हुआ करता था, जहां नक्सल प्रभावित इलाकों में दोपहर तीन बजे मतदान समाप्त हो जाता था, लेकिन इस बार लोगों ने बिना किसी डर के पूरे जोश और उत्साह के साथ मतदान किया है। आप जानते हैं कि जंगलराज के दौरान बिहार में क्या होता था। मतपेटियों को खुलेआम लूटा जाता था। आज उसी बिहार में रिकॉर्ड मतदान हो रहा है।

सही समय पर लिया गया सही फैसला: चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, मैं बिहार की जनता को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह सही समय पर लिया गया सही फैसला है। हमारी डबल इंजन की सरकार एक ईमानदार प्रयास के साथ बिहार में आगे बढ़ रही है। जनता के बीच एक विश्वास बना कि जहां एक तरफ हमारा गठबंधन विकास की बात करता है तो वहीं दूसरी ओर एक ऐसा गठबंधन है जो अहंकार में डूबा हुआ है।

अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बिहार के चुनाव में जब मैं जंगलराज की बात करता था, कट्टा सरकार की बात करता था तो राजद के लोग विरोध नहीं करते थे लेकिन कांग्रेस को बहुत चुभता था। लेकिन आज मैं फिर कहता हूं कि ‘अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *