बिहार जनमत। बिहार चुनाव में एनडीए ने बड़ा खेल कर दिया है, एनडीए को इस बार 200 से ज्यादा सीटें मिली हैं। वहीं महागठबंधन को बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने भी सीमांचल में अच्छा प्रदर्शन किया है। यहां की कुल 24 सीटों में से 6 सीटों पर AIMIM आगे चलती रही और अंत में पांच सीटों पर जीत दर्ज कराई। वहीं बाकी कुछ सीटों पर भी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
ओवैसी ने कही थी चॉकलेट छीनने की बात…
दरअसल ओवैसी ने एनडीटीवी के साथ बातचीत के दौरान कहा था कि जब हम सीमांचल में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे तो कोई ये न बोले कि मम्मी-मम्मी हमसे चॉकलेट छीन ली। उनका सीधा इशारा तेजस्वी यादव की तरफ था। ओवैसी ने पहले ही ये संकेत दे दिए थे कि सीमांचल में उनकी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करने वाली है। उन्होंने कहा था कि बिहार में उनकी पार्टी ने महागठबंधन से सिर्फ 6 सीटों की मांग की थी, लेकिन आरजेडी ने साफ इनकार कर दिया। अब ओवैसी की पार्टी इन्हीं 6 सीटों पर आगे चल रही है।
पिछले चुनाव में भी जीती थीं पांच सीटें…
बता दें कि पिछले यानी 2020 के विधानसभा चुनाव में भी ओवैसी की पार्टी ने पांच सीटों पर कब्जा किया था, ये सभी सीटें सीमांचल की थीं। महागठबंधन से बात नहीं बनने के बाद AIMIM के तमाम उम्मीदवारों ने सीमांचल में जमकर प्रचार किया था और पूरा जोर लगा दिया था। यही वजह है कि जोकिहाट, अमोर, ठाकुरगंज, बहादुरगंज, बैसी और कोचाधामन से AIMIM के उम्मीदवार हजारों वोटों से आगे चलते रहे।


