बदायूॅं जनमत। बिसौली लेखपाल संघ ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम राशि कृष्णा को एक ज्ञापन सौंपा। लेखपालों ने वेतन विसंगति, पदनाम परिवर्तन और अतिरिक्त पदों के सृजन की मांगें प्रमुखता से उठाईं।
ज्ञापन में बताया गया कि पदनाम परिवर्तन को लेकर पिछले नौ सालों से संघर्ष चल रहा है, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है। अन्य मांगों में प्रारम्भिक वेतनमान का उच्चीकरण, एसीपी विसंगति का समाधान, मृतक आश्रित लेखपालों की पुरानी पेंशन विसंगति दूर करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार के अतिरिक्त पदों का सृजन तथा स्टेशनरी भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की मांग भी की गई।
एसडीएम राशि कृष्णा ने लेखपालों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में तहसील अध्यक्ष अमित कुमार, राहुल सिंह, रिंकी गुप्ता, मोहित शर्मा, आदित्य कान्त उपाध्याय, मारूफ अली, आदित्य तोमर, संदीप कुमार और अनमोल मिश्र सहित कई लेखपाल पदाधिकारी मौजूद रहे।

