बदायूं में 8 साल के बच्चे की हत्या; घर के पास पड़ा मिला शव, सात दिन से लापता था मासूम

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आठ साल के सुभान का शव उसके घर के पास खाली प्लॉट में पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुभान सात दिन से लापता था। परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना उझानी नगर के नझियाई मोहल्ले में हुई। सुभान, चटइया निवासी राजमिस्त्री अंबर अंसारी का इकलौता बेटा था। घरवालों और मोहल्ले के लोगों ने उसकी गुमशुदगी के बाद पिछले एक सप्ताह से दिन-रात खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह जब शव मिला, तो परिवार की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी और सीओ उझानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए हैं।

शरीर पर मिले चोट के निशान…

पुलिस के अनुसार मृतक सुभान के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जो किसी गंभीर घटना की ओर संकेत कर रहे हैं। मासूम गरीब नवाज प्राइमरी स्कूल में कक्षा एक का छात्र था और चार बहनों में इकलौता भाई होने के कारण परिवार का दुलारा था। सुभान के लापता होने के तीसरे दिन पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सुभान की हत्या रंजिश में की गई है या किसी अन्य वजह से। परिजनों ने प्रारंभिक जानकारी में किसी संदेह या दुश्मनी की बात से इनकार किया है।
एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, खंगाल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *