बदायूॅं जनमत। कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गृह कलह के चलते एक विवाहिता ने जहर खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान अनीता (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके वालों ने हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, गांव निनमां निवासी दीपचंद पुत्र महेशपाल की शादी लगभग 13 वर्ष पहले बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के मुगलपुर निवासी विजय बहादुर की बेटी अनीता से हुई थी। उनके चार बच्चे हैं। अनीता पिछले डेढ़ माह से बीमार चल रही थी और उसका पति उपचार करा रहा था। 30 नवंबर को अनीता की चचेरी बहन की शादी उसके मायके में थी। अनीता कई दिनों से पति से शादी समारोह में शामिल होने की जिद कर रही थी। पति का कहना था कि सभी लोग 30 नवंबर को ही कार्यक्रम में जाएंगे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। शाम के समय अनीता का पति मजदूरों को देखने चला गया। इसी बीच अनीता ने घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अनीता की मौत की सूचना मिलने पर मायके वाले जिला अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने बदायूं में पोस्टमार्टम न कराने और बरेली में पोस्टमार्टम कराने की जिद की। सूचना पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

