बदायूं में तेज रफ्तार स्लीपर बस ने दो लोडर वाहनों को मारी टक्कर, एक चालक की मौत, दो लोग घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बरेली-बदायूं हाईवे पर गांव घटपुरी के निकट गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान नंबर की तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस ने आगे चल रहे दो लोडर वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक वाहन के चालक की मौके पर मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चार जानवरों की भी मौत हो गई।
कासगंज जनपद के ग्राम गंगसारा निवासी खिलाड़ी अपने पुत्र गौरव (18) के साथ नौ सुअरों को लेकर लोडर से बरेली के देवचरा बाजार जा रहा था। उसके ही पीछे बर्फ से भरा एक अन्य लोडर वाहन बिनावर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही राजस्थान की निजी बस ने दोनों वाहनों को एक साथ पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहन सड़क पर पलटकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में लोडर चालक चंद्र किशोर (50 वर्ष) निवासी गंगसारा कासगंज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि खिलाड़ी (60) और उनका पुत्र गौरव घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं चार जानवरों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए।

हाईवे पर लगा रहा घंटों जाम…

टक्कर के बाद बस चालक और परिचालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गए। जब पुलिस पहुंची तो बस में कोई यात्री भी नहीं मिला। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों व मृत जानवरों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने बस के चालक-परिचालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *