बदायूं में सिपाही को पीटने का आरोपी गिरफ्तार; शराब के नशे में थार से ट्रक को मारी थी टक्कर

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। शराब के नशे में थार से ट्रक को टक्कर मारने और सिपाही से मारपीट के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी एक बीजेपी नेता का बेटा है। उसकी गिरफ्तारी घटना के तीसरे दिन हुई, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
घटना 10 दिसंबर की रात को हुई थी। उसहैत थाना क्षेत्र निवासी रजत की थार गाड़ी एक खड़े ट्रक से टकरा गई थी। मौके पर पहुंचे सिपाही लवलेश ने जब स्थिति संभाली तो रजत ने उसके साथ मारपीट की। सिपाही की वर्दी फाड़ने और आंख के पास चोट पहुंचाने का भी आरोप है। आरोपी रजत प्रताप सिंह पर मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद कुछ स्थानीय नेताओं पर रजत को बचाने का आरोप लगा। रजत उसावां की ब्लॉक प्रमुख ममता सिंह का भतीजा भी है।
इस मामले में समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। सपा सांसद आदित्य यादव और पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए। चौतरफा दबाव बढ़ने के बाद पुलिस सक्रिय हुई।
पुलिस ने स्थानीय नेताओं के कथित दबाव को दरकिनार करते हुए कार्रवाई की। आरोपी रजत को बरेली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित 188 डी फ्रेंड्स अपार्टमेंट, सिलवेशन स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
सिविल लाइंस एसएचओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी से उन स्थानीय नेताओं की फजीहत हुई है, जो कथित तौर पर आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *