बदायूं में बंगाली डॉक्टर के बेटे का शव तालाब में मिला; हाथ-पैरों से बंधी थीं ईंटें, हत्या की आशंका

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। फैजगंज बेहटा कस्बे में बंगाली डॉक्टर रिपंग विश्वास के बेटे प्रतीक विश्वास (25 वर्ष) का शव सोमवार को तालाब में मिला। उसके हाथ-पैरों से ईंटें बंधी हुई थीं। परिवार के लोगों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। प्रतीक तीन दिन पहले अचानक लापता हो गया था।
कस्बे के मैन चौराहे पर करीब 30 साल पहले से बंगाली क्लीनिक संचालित है। यहां डॉक्टर रिपंग विश्वास परिवार के साथ रहते आ रहे हैं। उनका बेटा प्रतीक विश्वास तीन दिन पहले अचानक गायब हो गया। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। सोमवार को तालाब में लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव तालाब से निकालवा कर पहचान कराई तो उसकी शिनाख्त प्रतीक विश्वास के रूप में हुई। शव देखने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

प्रेम प्रसंग में घटना होने की चर्चा…

कस्बे के लोगों का कहना है कि युवक के हाथ-पैरों में ईंटे बंधी हुई हैं। इससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है और शव को तालाब में फेंका गया है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चा है। पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजकुमार का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व शिकायती पत्र के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *