बदायूं में सरसों के खेत में मिला नाबालिग लड़की का शव; दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, दस दिन से थी लापता

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। सोमवार सुबह सरसों के खेत में दस दिन से लापता किशोरी का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। थाना पुलिस के साथ सीओ बिसौली सुनील कुमार सिंह, एसपी देहात हृदेश कठेरिया घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के साथ ही परिजनों व ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस को घटना के कारण तक पहुंचने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
वज़ीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी 15 साल की बेटी 19 दिसंबर की रात परिजनों के साथ घर में सो रही थी। रात में किसी समय वह कहीं चली गई। परिवार के लोगों को जब इसकी भनक लगी तो उसकी तलाश शुरू की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिवार के लोगों ने 26 दिसंबर को थाने पर पहुंचकर पुलिस को भी जानकारी दी लेकिन गुमशुदगी दर्ज नहीं हो सकी। पुलिस व परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे।
परिजनों का कहना है कि उनको इसका अंदाजा भी नहीं था कि उनकी बेटी के साथ अनहोनी हो सकती है। वह समझ रहे थे कि किशोरी को कोई बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के पास सरसों के खेत में किशोरी का शव पड़ा होने की सूचना मिली। परिवार के साथ गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई। जिसपर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। देखा तो शव क्षत-विक्षत हालत में था।

किसी जंगली जानवर ने नोच खाया मांस…

किशोरी के शरीर से मांस को जंगली जानवर नोचकर खा चुके थे। कपड़ों व चेहरे को देखकर उसकी पहचान हो सकी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी कक्षा आठ तक पढ़ी-लिखी थी और वह अपने भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
किशोरी चार भाइयों के बीच अकेली थी। उसकी मौत से परिवार समेत गांव में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। तरह-तरह की चर्चाएं गांव के लोग कर रहे हैं। लेकिन उसकी मौत से गांव के लोग भी परेशान है। उनका कहना है कि घटना के पीछे कुछ भी रहा हो लेकिन अगर किसी ने उसकी हत्या की है तो आरोपी को कठोर सजा मिलनी चाहिए।
एसपी देहात हृदेश कठेरिया ने बताया कि मृतका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *