बदायूॅं जनमत। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश नौशाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। नौशाद एक किन्नर के घर हुई डकैती के मामले में फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से डकैती का माल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
घटना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ओरछी गांव में 20 अक्टूबर की रात टीना किन्नर के घर एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने 21 अक्टूबर को मामला दर्ज किया और बाद में मुठभेड़ के दौरान इस गिरोह के 10 अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके पास से भी डकैती का माल बरामद हुआ था। हालांकि, अमरोहा जिले के थाना नौगवां सादात निवासी नौशाद पुत्र ताहिर तब से फरार चल रहा था।
रविवार रात पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर नौशाद ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। घायल नौशाद को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से डकैती का माल, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने किन्नर के घर हुई डकैती की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। गिरफ्तार बदमाश नौशाद का आपराधिक इतिहास बदायूं तक ही सीमित नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ अमरोहा और आसपास के जनपदों में भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में अवैध हथियार रखने, हिंसा, जानलेवा हमला और डकैती से जुड़े अपराध शामिल हैं। नौशाद पर विभिन्न थानों में कुल नौ संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

