बदायूं में गेहूं की रखवाली कर रहे छात्र पर सांड ने किया हमला; इलाज के दौरान तोड़ा दम, गांव में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत। एक छुट्टा सांड के हमले में एक किशोर छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर खराब हाल है।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव बमनी में छुट्टा गौवंशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार एक सांड का व्यवहार असामान्य हो गया था, जो खेतों में रखवाली कर रहे लोगों पर अचानक हमला कर रहा था। इसी दौरान बीती रात गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे लोगों पर सांड ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें कई ग्रामीण घायल हो गए। हमले में राजू पुत्र ओमपाल (15 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में भी हालत में सुधार न होने पर उसे अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान राजू ने दम तोड़ दिया। राजू कक्षा 9 का छात्र था और परिवार की उम्मीदों का सहारा माना जाता था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन बेसुध हैं और घर में कोहराम मचा हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से छुट्टा गौवंश खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में गौशाला संचालन के दावे किए जा रहे हैं, इसके बावजूद आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया है और मांग की है कि क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा सांडों को तत्काल पकड़ा जाए तथा गौशालाओं की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *