बदायूॅं जनमत। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय को गणतंत्र दिवस पर वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने उन्हें यह सम्मान अदम्य साहस के लिए प्रदान किया है।
यह सम्मान 16 मार्च 2020 की रात सहारनपुर जिले के थाना मंडी क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ से संबंधित है। तत्कालीन सीओ नगर प्रथम रजनीश कुमार उपाध्याय ने थानाध्यक्ष मंडी और अभिसूचना विंग की संयुक्त टीम के साथ मिलकर 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को मार गिराया था। मारे गए अपराधी के खिलाफ विभिन्न थानों में 18 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय गृह मंत्रालय और पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा बदायूं जनपद में तैनात कई अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी उनकी उत्कृष्ट सेवा अभिलेखों और शौर्य के आधार पर सम्मानित किया गया है।
ये भी पुलिस अधिकारी होंगे सम्मानित…
सेवा अभिलेख के आधार पर दरोगा सुधीर चंद्रसेन, हेड कांस्टेबल मुनेश कुमार, हेड कांस्टेबल कमल सिंह, हेड कांस्टेबल चालक मोहम्मद मुस्तफा, दरोगा विपिन कुमार, दरोगा हरिभान सिंह, दरोगा महफूज अली और दरोगा सुरेश को उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है। पुलिस महानिदेशक की ओर से सेवा अभिलेख के आधार पर निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर (कोतवाल बिसौली), एसआई उदयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल एपी नत्थू सिंह, हेड कांस्टेबल एपी शिव प्रताप सिंह और हेड कांस्टेबल चालक शिवनंदन सिंह यादव को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया। शौर्य के आधार पर हेड कांस्टेबल फिरोज खान और कांस्टेबल मनीष कुमार को सराहनीय सेवा प्रशंसा चिन्ह रजत पदक प्रदान किया गया है। इन सभी पदकों का वितरण गणतंत्र दिवस की परेड के बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा।

