बदायूं में आमने-सामने भिड़ीं दो पिकअप; एक चालक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शुक्रवार की सुबह दो पिकअप की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सरौरी के पास हुआ। पुलिस ने शव जिला मुख्यालय भेजा है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कुर्वी के रहने वाले विनोद (30) पुत्र पप्पू दूध की गाड़ी चलाकर परिवार का पालन पोषण करता आ रहा था। शुक्रवार की सुबह वह दूध लेकर बगरैन से सैदपुर की ओर आ रहा था। वहीं, बगरैन का रहने वाला अकबर (25) पुत्र मस्सू सैदुपर से मुर्गी पिकअप में लादकर बगरैन जा रहा था। दोनों पिकअप जैसे ही सरौरी गांव के पास पहुंची कि आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। चालक अकबर गाड़ी की केबिन में फंस गया। जबकि विनोद की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला और सीएचसी भेज दिया। जहां विनोद को मृत घोषित कर दिया। जबकि अकबर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *