बदायूॅं जनमत। सोमवार दोपहर रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार शख्स की मौत हो गई। वह हेलमेट लगाए हुए था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी जान नहीं बच पाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
वजीरगंज कस्बा के हतरा रोड पर रहने वाले आदर्श फौजी ने कई साल पहले फौज की नौकरी छोड़ दी थी। वह कस्बे में रहकर ही कारोबार करते थे। उनके छोटे भाई आदित्य सिंह लेखपाल हैं। पिता अध्यापक से सेवानिवृत हैं। सोमवार को आदर्श अपनी बाइक से बिसौली किसी काम से जा रहे थे। करीब दो बजे उनकी बाइक रहेड़िया पुलिस चौकी से आगे पहुंची, उसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस से टक्कर हो गई।
बाइक बस में घुस गई। हादसे में आदर्श फौजी सड़क किनारे खंती में जा गिरे। उनका हेलमेट दूर जा गिरा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उनको सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना परिवार को दी गई। जिसके बाद परिवार के लोग और रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए। शव देख परिजन बिलख उठे।

