बदायूॅं जनमत। स्थानीय जिम्मेदारों से सांठगांठ कर श्मशान की भूमि पर अवैध खनन किया जा रहा था। इसकी खबर लगते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे और हंगामा करने लगे। वहीं मामला बढ़ता देख डंपर और जेसीबी चालक अपने-अपने वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने फोन कर डायल पुलिस को बुलाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
बिनावर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह ग्रामीणों का अवैध खनन पर सब्र का बांध टूट गया और मौके पर पहुंच कर दर्जनों ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची डायल 112 पीआरबी व थाना बिनावर पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करवाकर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हो रहे अवैध खनन की जानकारी होने के बाद भी तहसील प्रशासन और खनन विभाग एवं पुलिस प्रशासन कुम्भकरणी नींद सो रहा है।
थाना बिनावर अंतर्गत ग्राम पंचायत रसूलपुर के जंगल में लगभग एक महीने से श्मशान की भूमि पर हाईवे बाईपास परमिशन की आड़ में मिट्टी का अवैध खनन चल रहा था। लेकिन खनन माफिया ने बिना परमिशन श्मशान भूमि व ग्राम सभा की जमीन पर मिट्टी का अवैध खनन कर डाला। जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गये और जमकर हंगामा काटा और खनन में लिप्त डंपरों को भी रोक लिया। सूत्रों की मानें तो मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने तीन लोगों को अपने कब्जे में लिया था, बाद में थाने ले जाकर छोड़ दिया गया। इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
उधर ग्रामीणों ने बताया कि मिट्टी का अवैध खनन ठेकेदार बबलू नाम के व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। वहीं इस संबंध में थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह का कहना है कि हाईवे बन रहा है परमिशन से ही मिट्टी उठाई जा रही थी।
वहीं खनन विभाग अधिकारी गुलशन कुमार का कहना है कि उनके द्वारा श्मशान की भूमि से मिट्टी खुदाई कर डंपरों द्वारा उठाने की किसी को कोई परमिशन नहीं दी गई है।

