नोएडा से हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लेकर बदायूं पहुंचा इंजीनियर दूल्हा, देखने को ग्रामीणों की उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बृहस्पतिवार को उस समय कौतूहल और उत्साह का माहौल बन गया, जब ग्रेटर नोएडा से दुल्हन को लेकर दूल्हा हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचा। हेलीकॉप्टर देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ हेलीपैड के आसपास जमा हो गई। हर कोई हेलीकॉप्टर से आए दूल्हा-दुल्हन को देखने के लिए आतुर नजर आया।
बिल्सी थाना क्षेत्र के सुंदरनगर गांव निवासी धर्मवीर चौहान के पुत्र अमित चौहान पेशे से इंजीनियर हैं। उनके परिवार की लंबे समय से इच्छा थी कि अमित की शादी कुछ अलग और यादगार हो। इसी सपने को साकार करते हुए बरात बुधवार को गांव से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हुई और विवाह संपन्न होने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से सीधे गांव पहुंचे।

ग्रामीणों ने फूल बरसा कर किया स्वागत

हेलीकॉप्टर के उतरते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर दूल्हा-दुल्हन का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों का कहना था कि उन्होंने पहली बार किसी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव आते देखा है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। हेलीपैड के आसपास बैरिकेडिंग कराई गई थी और पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
ग्रामीणों के अनुसार, अमित चौहान अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं और उनके विवाह की यह अनोखी शुरुआत लंबे समय तक गांववासियों के बीच यादगार बनी रहेगी। हेलीकॉप्टर से आए दूल्हा-दुल्हन ने पूरे क्षेत्र में खासा आकर्षण और चर्चा बटोरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *