बदायूॅं जनमत। सड़क हादसे में कासगंज निवासी युवक की मौत हो गई। वह अपने बेटे के पहले जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए ससुराल जा रहा था, तभी उसकी बाइक को दुग्ध वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा कादरचौक थाना क्षेत्र के उसहैत-कादरचौक रोड पर स्थित गांव सिमरा के पास खंजन नगला मोड़ पर हुआ। कासगंज जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव निवासी रोहित भारद्वाज (31 वर्ष) अपनी बाइक से शाहजहांपुर जिले के दहेलिया गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान खंजन नगला मोड़ पर पहुंचते ही सामने से आ रहे दूध से भरी पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल कादरचौक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रोहित के परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग भी पहुंच गए। रोहित दिल्ली में डेल कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।
रोहित के भाई सोनू ने बताया कि उनकी शादी 18 अप्रैल 2024 को हुई थी और उनका बेटा ससुराल में था, जिसका पहला जन्मदिन था। इसी समारोह में शामिल होने के लिए रोहित जा रहे थे।
कादरचौक थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टक्कर मारने वाली पिकअप और उसके चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

