बदायूॅं जनमत। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम द्वारा 9 फरवरी से 23 फरवरी तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान निगम द्वारा जिले में उपभोक्ता जागरुकता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर पखवाड़े के दौरान उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के फायदे बताये जा रहें, वहीं उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जा रहा है।
अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर से होने वाले लाभों जैसे भुगतान सुविधा, रियल टाइम डेटा, खपत पर बेहतर नियंत्रण, सही एवं पारदर्शी बिलिंग, बेहतर सेवा के संबंध में व्यापक रुप से उपभोक्ताओं को जानकारी दी जा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप की डाउनलोडिंग एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया जा रहा है। जिससे व 24 घंटे ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के दौरान कर्मचारियों द्वारा गांव व शहर के मोहल्लों में घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर के फायदों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा पैंपलेट, पोस्टर, वीडियो व सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस दौरान चेक मीटर लगाकर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली को परंपरागत मीटरों से तुलना करके उसके लाभ बताए जा रहें हैं। ताकि उपभोक्ताओं के मन में किसी तरह का भ्रम न रहे। निगम अब तक जिले में 44 हजार 500 मीटर स्थापित कर चुका है।

