बदायूं में चारपाई पर बैठे दो लोगों पर चढ़ा बेकाबू ट्रैक्टर, पहिये से कुचलकर एक की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। घर के बाहर चारपाई पर बैठे दो लोगों पर अनियंत्रित ट्रैक्टर चढ़ गया। पहिये से कुचलकर गृहस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला कस्बे के बार्ड नंबर सात के भट्ठानगला इलाके में हादसा बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मोहल्ले के निवासी कप्तान सिंह (60 वर्ष) अपने घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। पड़ोस के सुरेश (40 वर्ष) भी उनके पास आकर चारपाई पर बैठ गए। उसी दौरान वहां निकले ट्रैक्टर पर चालक नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर बेकाबू होकर चारपाई पर चढ़ गया। कप्तान सिंह ट्रैक्टर के अगले पहिया के नीचे आ गए। कुचल जाने से उनकी मौत हो गई। जबकि सुरेश घायल हो गया। चालक ट्रैक्टर को चालू हालत में छोड़कर भाग गया।
चीख-पुकार के बाद मौके पर जुटे लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह हत्थे नहीं आया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। घायल सुरेश को अस्पताल भिजवाया। बाद में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक के भाई उदयवीर ने बताया कि चालक नशे की हालत में था। ट्रैक्टर उसके भाई के नाम बताया गया है। गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर में तोड़फोड़ करने की कोशिश भी की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि चालक की तलाश शुरू कर दी गई। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *