भारत जनमत। देश में कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राजभवनों में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। राष्ट्रपति ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही कई राज्यों में नौ राज्यपाल और उपराज्यपालों की नियुक्ति भी की गई है। इस फैसले के तहत अलग-अलग राज्यों में जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नए आदेश के बाद कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व अधिकारियों को महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को अब तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बिहार में पूर्व सैन्य अधिकारी जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को राज्यपाल बनाया गया है। नागालैंड में नंद किशोर यादव को नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल कौन बना.?
आदेश के अनुसार तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि को अब पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल में डॉ. सीवी आनंद बोस राज्यपाल थे, जिनका इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। इस बदलाव के बाद आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल के राजभवन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तमिलनाडु की जिम्मेदारी कौन संभालेगा.?
तमिलनाडु में राज्यपाल पद की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को दी गई है। उन्हें तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसका मतलब यह है कि वह केरल के साथ-साथ फिलहाल तमिलनाडु के राजभवन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
अन्य राज्यों में क्या बदलाव किए गए..?
इस बड़े फेरबदल में कई अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गई हैं। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है। वहीं दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है।

