बदायूॅं जनमत। जिले में देर रात एक भयंकर हादसा हो गया, जिसके चलते एक कार अचानक धूं-धूं कर जल उठी। जिसमें सवार एक महिला की जलकर मौत हो गई। वहीं कार चला रहे उसके पति की हालत नाज़ुक बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला के कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र का है। गांव रौता के पास कस्बा उसहैत के वार्ड संख्या छह निवासी अर्पित भारद्वाज (28 वर्ष) पुत्र प्रमोद भारद्वाज की कार में रात करीब दो बजे अचानक आग लग लगी। जानकारी के अनुसार अर्पित भारद्वाज अपनी पत्नी प्रिया भारद्वाज (25 वर्ष) का जिला शाहजहांपुर के एक अस्पताल से ऑपरेशन कराकर देर घर लौट रहे थे। अस्वस्थ होने के कारण उनकी पत्नी कार में लेटी हुई थी। गांव रौता के पास अचानक उनकी कार में भयंकर आग लग गई। कार के दरवाजे न खुलने के कारण दोनों कार में ही फंस गए।
आग की लपटों में घिरी प्रिया भारद्वाज की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं अर्पित भी भयंकर रूप से झुलस गए। उधर, ग्रामीणों ने हादसे की सूचना उसहैत पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची उसहैत पुलिस ने घायल अर्पित भारद्वाज को जिला अस्पताल भिजवाया वहीं प्रिया के कंकाल को कब्जे में लिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। वहीं हादसे की खबर मिलते ही दोनों के परिवारों में हाहाकार मच गया है।
बिन मां के रह गई ढाई साल की मासूम बच्ची…
अर्पित भारद्वाज स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे। उनके एक ढाई साल की बेटी है। परिवार में माता-पिता और एक भाई व एक बहन है। छोटा सा परिवार हंसी खुशी अपना समय बिता रहा था लेकिन बीती रात हुए हादसे के बाद सब कुछ बदल गया। प्रिया की मौत के परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं अर्पित मौत और जिन्दगी की जंग लड़ रहा है।
वहीं उसहैत थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसा ह्रदय विदारक था। कार में महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं अर्पित की हालत नाज़ुक बनी हुई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

